महिलाओं की शिकायतों का कर रही समाधान महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090,

131

जयपुर 4 अगस्त 2023।(निक crime) प्रदेश में महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090 पर प्राप्त शिकायतों पर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। महिला गरिमा हेल्पलाइन की लाइनें अनवरत 24 घंटे उपलब्ध रहती हैं एवं इस हेल्पलाइन पर महिलाओं की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के लिए प्राथमिकता से महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाती है।

अतिरिक्त महानिदेशक सिविल राइट्स स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि महिला गरिमा हेल्पलाइन में पूरे प्रदेश भर से महिलाओं की समस्याएं और शिकायतें प्राप्त होती हैं और इन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका समाधान करने का प्रयास किया जाता है।
एडीजी ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं की समस्याओं का निपटारा करने के लिए वर्ष 2015 से प्रदेश के समस्त जिलों में महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090 का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि महिला हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत करने वाली महिलाओं की पहचान को पूरी तरह से गोपनीय रखा जाता है। महिलाएं इस हेल्पलाइन के अतिरिक्त के 100 नंबर और 112 नंबर पर भी अपनी शिकायत दर्ज करवा सकती हैं।

    महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090 पर महिलाएं अनचाहे और अश्लील फोन कॉल्स, सिनेमाघरों में अशिष्ट व्यवहार, स्कूल-कॉलेज, महिला छात्रावास, कार्यस्थल, बस स्टैंड, सार्वजनिक स्थल, सिनेमाघर आदि स्थानों पर की जाने वाली छेड़छाड़,शारीरिक या मानसिक यातना, यौन शोषण संबंधी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही की जा रही है।