कैदियों ने राष्ट्रपिता गांधी को तस्वीर में उकेरा – सेंट्रल जेल में चित्रकार गोपाल भारती दे रहे प्रशिक्षण,,

264

जयपुर 2 अक्टूबर 2022।(निक विशेष) सेंट्रल जेल में सजा काट रहे कैदियों को कला,संस्कृति के जरिये समाज की मुख्य धारा से सकारात्मक सोच के साथ जोड़ने के पवित्र उद्देश्य को लेकर प्रदेश के वरिष्ठ चित्रकार गोपाल भारती इन दिनों यहां कैदियों को पेंटिंग का प्रशिक्षण दे रहे हैं। ये वह कैदी हैं जो निकट भविष्य में कैद से मुक्त होंगे। कैदियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का चित्र बनाना पसन्द किया। इसके अलावा राधा कृष्ण, प्रकृति चित्रण, लैंडस्केप भी बनाये। कैदियों ने दीवारों के भी कान होते हैं…थीम पर भी पेंटिंग बनाई साथ ही किशनगढ़ शैली की बणी ठणी भी बनाई है।

गोपाल भारती पिछले डेढ़ माह से सेंट्रल जेल में कैदियों को पेंटिंग्स बनाने का हुनर सिखा रहे हैं। जेल अधीक्षक राकेश मोहन शर्मा की अनूठी पहल पर यह 2 माह की पेंटिंग प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई है। शर्मा का मानना है कि बाहर आकर ये कैदी इस विधा को आजीविका का माध्यम भी बना सकते हैं।

कैदी कला के माध्यम से अपना व्यवहार बदलकर समाज में शांति स्थापित कर पाएंगे और मुख्य धारा में लौट सकेंगे।