वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार ईशमधु तलवार का निधन,, लोकसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री व राज्यपाल आदि ने अपनी संवेदनाएँ व्यक्त की,,

392

जयपुर 17 सितम्बर 2021।(निक विशेष) हिंदी एवं अन्य क्षेत्रीय भाषाओं को पीएलएफ के जरिये बड़ा मंच प्रदान करने वाले वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार ईशमधु तलवार का बीती रात हृदयघात के कारण निधन हो गया। महारानी फार्म मोक्षधाम शुक्रवार दोपहर हुए अंतिम संस्कार में उनके पुत्र अनीश ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में पत्रकार व साहित्यकार मौजूद थे।
देश के अनेक प्रमुख समाचार पत्रों में कार्य कर चुके 67 वर्षीय तलवार की बतौर लेखक राजकमल प्रकाशन से संगीतकार दानसिंह पर लिखी ‘वो तेरे प्यार का गम’ और उपन्यास ‘रिनाला खुर्द’ तथा कलमकार मंच से कहानी संग्रह ‘लाल बजरी की सड़क’ किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं। कहानी संग्रह ‘लाल बजरी की सड़क’ पर उन्हें भाषा विभाग, राजस्थान से ‘हिंदी सम्मान’, अमर उजाला के ‘शब्द सम्मान’ और हाल ही ‘विजयदान देथा सम्मान’ से अलंकृत किया जा चुका है।

राजस्थान प्रगतिशील लेखक संघ के महासचिव और कलमकार मंच के संरक्षक ईशमधु तलवार पिंकसिटी प्रेस क्लब व श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष भी रह चुके थे। उनके निधन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राज्यपाल कलराज मिश्र, राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा, जलदाय मंत्री बुलाकीदास कल्ला, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉक्टर सतीश पूनिया, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रगतिशील लेखक संघ के अध्यक्ष ऋतुराज, कलमकार मंच के राष्ट्रीय संयोजक निशांत मिश्रा, श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष हरीश गुप्ता, पिंकसिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेश मीणा,पीरियोडीकल प्रेस ऑफ इण्डिया के प्रदेशाध्यक्ष सन्नी आत्रेय, प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष एल.एल. शर्मा, सत्य पारीक, वीरेंद्र सिंह राठौड़ ,किशोर शर्मा ,नीरज मेहरा ,राधा रमण शर्मा, बृजेश शर्मा, पूर्व महासचिव मुकेश चौधरी,वरिष्ठ पत्रकार विमलेश शर्मा, र्वरिष्ठ साहित्कार नंद भारद्वाज, दुर्गाप्रसाद अग्रवाल, जितेन्द्र भाटिया, राजाराम भादू, भरत ओला, फारूक आफरीदी, उमा, तसनीम खान, सुनील प्रसाद शर्मा, हरीश पाठक, संदीप मायामृग, इरा टाक, फिल्म निर्देशक गजेन्द्र श्रोत्रिय, महेश शर्मा, अवनींद्र मान, रमेश शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार जगदीश शर्मा, सुधांशु माथुर, डॉ. यश गोयल, गुलाब बत्रा, अशोक भटनागर सहित अनेक लोगों ने अपनी संवेदनाएं प्रेषित की हैं।

    तलवार को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए तीये की बैठक रविवार, 19 सितम्बर को शाम 4 से 5 बजे तक सामुदायिक केंद्र, कैंब्रीज कोर्ट स्कूल के पास, अरावली मार्ग, मानसरोवर में रखी गई है।