Newindiakhabar

भव्या इंटरनेशनल के तत्वावधान में नवांकुर चित्रकारों व कलाकारों को ,वरिष्ठों के साथ साझा करने का मिला मंच

*देशभर से जुटे नवांकुरों की कला प्रतिभा ने किया प्रभावित*

-दो दिवसीय कला प्रदर्शनी का आज होगा समापन

जयपुर 2 नवम्बर।(निक सांस्कृतिक) भव्या इंटरनेशनल के तत्वावधान में जवाहर कला केंद्र की चतुर्दिक गैलरी में आयोजित दो दिवसीय कला प्रदर्शनी और राष्ट्रीय सम्मान समारोह का शुभारम्भ पद्मश्री शाकिर अली, मुख्यमंत्री के विशेषाधिकारी फारूक आफरीदी और कलमकार मंच के राष्ट्रीय संयोजक गीतकार निशांत मिश्रा ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्जवलित कर किया। दो दिवसीय इस आयोजन में देशभर के करीब 100 आर्टिस्टों की 400 से अधिक पेंटिंग्स प्रदर्शित की गई हैं। इस प्रदर्शनी की विशेषता बड़ी संख्या में शामिल हुए नवांकुरों की पेंटिंग्स हैं जिनकी कला प्रतिभा विजिटर्स को प्रभावित कर रही है।
उद्घाटन के बाद मुख्य अतिथि शाकिर अली, अध्यक्षता कर रहे फारूक आफरीदी और विशिष्ठ अतिथि निशांत मिश्रा ने कला दीर्घा का अवलोकन किया और कलाकारों से उनकी बनाई पेटिंग्स पर चर्चा की। दीर्घा में अलग-अलग विषयों को केन्द्र में रखकर विभिन्न कलाकारों द्वारा बनाये गये चित्रों की अतिथियों ने प्रशंसा की और नवांकुर प्रतिभाओं को शुभकामनाएं दी। इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी को उन्होंने सार्थक पहल बताया।
भव्या इंटरनेशनल की निदेशक डॉ. निशा माथुर ने इस अवसर पर बताया कि दो दिवसीय इस आयोजन में गुजरात, महाराष्ट्र, हरियाणा, दार्जीलिंग, पंजाब, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, झारखण्ड, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गाजियाबाद, राजस्थान सहित देश के 100 से अधिक कलाकारों की स्केचिंग, पेंटिंग, पेपरमेशी, रंगोली, फोटोग्राफी आदि प्रदर्शित की गई है।
उन्होंने बताया कि देश के नवांकुर चित्रकारों और कलाकारों को एक मंच प्रदान करने और वरिष्ठ कलाकारों से उन्हें इन विधाओं की बारीकियों से अवगत कराने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रदर्शनी को लेकर कलाकारों में भारी उत्साह है। विजिटर्स के लिए रविवार को प्रातः 11 बजे से शाम 7 बजे के बीच प्रदर्शनी खुली रहेगी जहां वे अवलोकन करने के साथ ही अपनी पसंदीदा पेंटिंग खरीद सकते हैं।

रविवार को समापन समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार ईशमधु तलवार और विशिष्ठ अतिथि कलमकार मंच के राष्ट्रीय संयोजक गीतकार निशांत मिश्रा और पद्मश्री तिलक गिताई होंगे। इस अवसर पर मोहम्मद नईम, ओमप्रकाश प्रजापति, डॉ. हनुमान सिंह खरेड़ा, अलका भार्गव, तरुण कोठारी, डॉ. अन्नपूर्णा शुक्ला, हनुमान सैनी, उदित नारायण, भावना सक्सेना, पंकजा टुनवाल, तरु सक्सेना और वरिष्ठ फोटोग्राफर विनय सोखिया सहित अनेक कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा।

Exit mobile version